भाजपा ने पिछले आठ सालों में जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए जनता से किया गया अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया है। सिर्फ राजनैतिक पार्टियों को बनाने का काम किया है। पहले कश्मीर में भाजपा ने अपनी ए और बी दो टीमें बनाई उसके बाद अब जम्मू-संभाग में आजाद के नाम से अपनी तीसरी टीम बनाई है, ताकि इस तरह की पार्टियां बनाकर वोट बैंक खराब किया जाए और फिर से धोखाधड़ी से सत्ता में आ जाएं। यह बात जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कठुआ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कही।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण पढ़े लिखे युवा दरबदर ठोकरे खा रहे है और महंगाई आसमान छू रही है। इन समस्याओं का समाधान करने के बजाए आम लोगों को सांप्रदायिक आधार पर बांटने के प्रयास किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर की जनता अब इनके झूठे वादों से तंग आ गई है और इस बार भाजपा को जम्मू-कश्मीर से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने युवा नेता राहुल गांधी के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिन्होंने पूरे देश में युवा शक्ति को संगठित किया है। आने वाले चुनावों में युवाओं को विशेष भूमिका दी जाएगी।
वहीं, कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि उच्च मुद्रास्फीति, बेरोजगारी, कुशासन और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण भाजपा सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धि हैं। आगे कहा कि मोदी सरकार ने अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण करने का दावा किया लेकिन भाजपा सरकार ने अपने आठ वर्षों के शासन के दौरान नकली जुमले और नारों के साथ लोगों को धोखा देने का रिकॉर्ड बनाया है।
रमण भल्ला ने कहा कि भाजपा के अच्छे दिन केवल पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के एक चुनिंदा समूह के लिए आए। भल्ला ने पार्टी कैडर को एकजुट होने और भाजपा सरकार की दिशाहीन नीतियों के बारे में जनता के बीच जानकारी प्रसारित करने को कहा। इस मौके पर पार्टी के जम्मू-कश्मीर प्रभारी मनोज यादव ने लोगों से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, कुशासन और कुप्रबंधन के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया। इस अवसर जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा, मनमोहन सिंह, गणेश भल्लड़ कुलबीर पठानिया, काजल राजपूत, अनु डोगरा पंकज शर्मा के आलवा काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।