प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज का कहना है कि कांग्रेस जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। उनका कहना है कि बाढ़ प्रभावित कश्मीर हो या जम्मू संभाग, लोगों की इच्छा के साथ कांग्रेस खड़ी है। रविवार को संवाददाता सम्मेलन में सोज ने कहा कि चुनाव आयोग के समक्ष कांग्रेस ने अपनी बात स्पष्ट कर दी है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों का दौरा कर उन्होंने पाया कि लोग चाहते हैं कि नई निर्वाचित सरकार राहत और पुनर्वास का काम तेजी से करवाए। सोज ने कहा कि चुनाव आयोग के फैसले का इंतजार है और उसके बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची पर काम करेगी।
सोज ने इस अवसर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए केंद्र सरकार को रियासती सरकार की सिफारिश के तहत पर्याप्त राशि मुहैया करवाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने अभी तक केंद्र सरकार की ओर से जम्मू कश्मीर की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित न करने पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने पाक गोलाबारी में मरने वाले लोगों और घायलों को आतंकवाद संबंधित मामलों की तरह राहत सहायता देने और एलओसी की तर्ज पर आईबी के आसपास रहने वाले लोगों को भी आरक्षण का लाभ देने की मांग की। सोज ने शाम को पार्टी नेताओं के साथ आरएस पुरा और बिश्नाह के सीमांत गांवों और राहत शिविरों का दौरा कर स्थिति का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री आरएस चिब, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, उपप्रधान ठाकुर हरि सिंह, सुमन भगत, विधायक इंदु पवार, स्वर्र्ण लता, ठाकुर बलवान सिंह, दर्शन रैणा, बिक्रम मल्होत्रा आदि नेता भी थे।