कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 30 जनवरी को श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह में शामिल होने के लिए 21 समान विचारधारा वाले दलों को आमंत्रित किया है। इसे लेकर उन्होंने पार्टियों के अध्यक्षों को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि यह समारोह महात्मा गांधी की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने नफरत और हिंसा की विचारधारा के खिलाफ अपने अथक संघर्ष में इस दिन अपना जीवन न्योछावर किया था।
उन्होंने आगे लिखा, 'इस आयोजन में, हम घृणा और हिंसा से लड़ने, सत्य, करुणा और अहिंसा के संदेश को फैलाने और सभी के लिए स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने के लिए खुद को प्रतिबद्ध करेंगे। आज सुनियोजित तरीके से जनता का ध्यान जनता के मुद्दों से भटकाया जा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा एक सशक्त आवाज के रूप में उभरी है। मुझे उम्मीद है कि आप इसमें शामिल होंगे और इसके संदेश को और मजबूत करेंगे।'
खड़गे ने आगे कहा, 'आज भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है। इस समय जब संसद और मीडिया में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। यात्रा लाखों लोगों से सीधे जुड़ रही है। हमने अपने देश की मुद्रास्फीति, बेरोजगारी, सामाजिक विभाजन, लोकतांत्रिक संस्थानों के कमजोर होने और हमारी सीमाओं पर खतरे को प्रभावित करने वाले गंभीर मुद्दों पर चर्चा की है।'
सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ होगा। मार्च अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गुजरते हुए 3,300 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुका है।