भाजपा ने नेकां और कांग्रेस पर बंद से जम्मू-कश्मीर की सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। पार्टी ने एम्स कोआर्डिनेशन कमेटी के मंच पर सोमवार को नेकां अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा. फारूक अब्दुल्ला के पहुंचने को बंद को आगे बढ़ाने की सच्चाई का पर्दाफाश बताया है।
पार्टी मुख्यालय में सोमवार को प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जम्मू और कश्मीर को एम्स की समान सुविधा देने की घोषणा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने करके जम्मू के लोगों की मांग को पूरा कर दिया हुआ है। अब केवल बंद की राजनीति हो रही है और इसके पीछे कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस ही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लोगों की ओर से खारिज की जा चुकी नेकां और कांग्रेस लोगों में अपनी जगह बनाने की साजिश के तहत जम्मू बंद को हवा दे रही है और खत्म हो चुके मुद्दे को गर्माए हुए है।