रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दरबार खुलने के साथ ही सियासी पारा गर्मा जाएगा। सत्ता संभालने के बाद पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार का यह पहला दरबार मूव है और विपक्षी दल कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस सरकार को घेरने का कोई मौका चूकना नहीं चाहती।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर का कहना है कि पीडीपी और भाजपा गठबंधन सरकार लोगों को जो वादे कर सत्ता तक पहुंची, उन्हें अब भूल गई है। न तो बाढ़ पीडि़तों के साथ न्याय हुआ और न ही लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो पा रही हैं।
नई भर्ती नीति लाकर युवाओं के साथ भद्दा मजाक किया गया है। सरकार की नाकामी के विरोध में कांग्रेस पांच मई को काला दिवस मनाएगी। इस दौरान कांग्रेस नेता सड़क पर उतरकर सचिवालय मार्च भी निकालेंगे।
नेशनल कांफ्रेंस भी नई भर्ती नीति समेत सरकार की नीतियों का जमकर विरोध कर रही है। नेशनल कांफ्रेंस के संभागीय प्रधान एवं विधायक देवेंद्र राणा के अनुसार नई भर्ती नीति युवा विरोधी है और पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।