जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के अधिवेशन के बाद अब प्रत्याशियों की तलाश में शिमला के कांग्रेसी नेताओं को जम्मू भेजा गया है।
हिमाचल प्रदेश से शिमला के विधायक अभिनव ठाकुर राजोरी के डाक बंगले पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राजोरी विधानसभा हलके के लिए उम्मीदवार के नाम पर चर्चा की।
शब्बीर और रशीद में होगी टक्कर
अभिनव ठाकुर के सामने कई कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने उम्मीदवारों का नाम पेश किया। कांग्रेस के मौजूदा विधायक शब्बीर खान भी अपनी दावेदारी पेश करने पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने फिर से शब्बीर खान को ही टिकट देने की मांग की, वहीं कई कार्यकर्ताओं ने शब्बीर खान के पीए रहे सांई रशीद को भी टिकट देने की मांग कर डाली।
माना जा रहा था कि राजोरी से अधिकतर लोग शब्बीर खान को ही पार्टी की उम्मीदवारी चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांई रशीद का नाम सामने लाकर चकित कर दिया।
आखिर किसको मिलेगा राजोरी का टिकट
सूत्रों की मानें तो सांई रशीद भी चुनाव लड़ने चाहते हैं। क्योंकि वह लंबे अरसे से कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं और कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ लोगों में शुमार हैं। बरहाल, विधायक अभिनव ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं की राय जान ली।
इससे पहले बुधवार को बुद्धल में भी कार्यकर्ताओं से बात करके लौटे हैं।
ठाकुर का कहना है कि वह कार्यकर्ताओं की राय पार्टी हाईकमान को बता देंगे। कुछ दिन पहले भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष सकीना बानो भी राजोरी में कार्यकर्ताओं की राय लेने आई थी।