जारी आदेश में कहा गया है कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका मौके पर समाधान करने के लिए उचित प्रयास करें। आवाम को यह लगे कि सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर है। इसका ब्योरा प्रशासनिक विभाग को देना होगा।
प्रदेश के सभी बीस जिलों के आयुक्त अब सप्ताह में दो दिन गांव जाकर आवाम की आवाज सुनेंगे। इसके लिए बुधवार व शनिवार का दिन निर्धारित किया गया है। आयुक्त मौके पर ही जनता की परेशानियों व समस्याओं का निराकरण भी करवाएंगे। शुक्रवार को सरकार ने इसका आदेश जारी कर दिया है।
विज्ञापन
सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव मनोज कुमार द्विवेदी ने आदेश जारी कर कहा है कि समय-समय पर उपायुक्त साप्ताहिक टूर लगाकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। इसका उद्देश्य लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका तत्काल समाधान करना है। खासतौर पर जिला उपायुक्त दूरदराज, दुर्गम और कठिन क्षेत्र में रहने वाले लोगों को प्राथमिकता दें, जिनकी पहुंच जिला प्रशासन तक नहीं हो पाती है।
जिला उपायुक्त सुनिश्चित बनाएं कि वे सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को जनता के बीच रहें। इस साप्ताहिक प्रक्रिया को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। प्रशासनिक सचिवों और अन्य उच्चाधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वे बुधवार और शनिवार को जरूरी बैठकें या टूर न रखें, जिसमें जिला उपायुक्तों की भागीदारी हो सके। इससे वे अपने संबंधित जिलों में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुन सकेंगे। जन समस्याओं को जिला उपायुक्त गंभीरता से लें।