पैंथर्स पार्टी सुप्रीमो प्रो. भीम सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उधमपुर में चुनावी रैली के दौरान चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पैंथर्स सुप्रीमो ने भारतीय मुख्य चुनाव आयुक्त से सवाल करते हुए कहा है कि उधमपुर में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना आयोग का दायित्व है।
लेकिन उधमपुर में प्रधानमंत्री की चुनावी सभा में सैकड़ों वाहनों का इस्तेमाल चुनाव के नियमों का उल्लंघन है। चुनाव सभा के दौरान सैकड़ों वाहनों पर सवार लोगों ने शोरगुल करते हुए रैली निकाली। इस दौरान ड्रम भी बजाए जा रहे थे, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
प्रो.भीम सिंह ने उधमपुर के पर्यवेक्षकों व प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा है कि मोदी की उधमपुर रैली के दौरान प्रशासन द्वारा लचर रवैया अपनाया गया है। प्रशासन द्वारा पैंथर्स पार्टी के प्रति भेदभाव किया जा रहा है, जबकि मोदी व भाजपा के साथ ऐसा नहीं हो रहा है।
भीम सिंह ने पंचैरी के भमाग ब्लाक के लांदर में चुनावी सभा को संबोधित किया, जहां बलवंत सिंह मनकोटिया, धनी राम अत्री तथा बलवान सिंह के समर्थन में स्थानीय मतदाताओं से वोट डालने की अपील की।