मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने वीरवार को नागरिक सचिवालय जाते समय अचानक अपना रास्ता बदल लिया। वह निर्धारित रास्ते के बजाय शहर के अन्य हिस्सों से गुजरते हुए सचिवालय पहुंची।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने यह निर्णय ट्रैफिक पुलिस के दावों को परखने के लिए लिया। सुबह वह गुप्कार स्थित अपने आवास से नागरिक सचिवालय की ओर रवाना हुईं।
टीआरसी चौराहे के पास आने पर उन्होंने चालक को अब्दुल्ला ब्रिज की तरफ मुड़ने का निर्देश दिया। इससे उनका चालक ही नहीं, पूरा सुरक्षा दस्ता भी हैरान रह गया, क्योंकि मुख्यमंत्री समेत अन्य वीआईपी गुप्कार, डलगेट या फिर बादामी बाग की तरफ से आते हैं। मौलाना आजाद मार्ग का रास्ता भी अपनाते हैं। यह हमेशा सुरक्षा बलों की निगरानी में रहता है।
रास्ता बदलने की स्थिति में काफिला टीआरसी चौक से अब्दुल्ला ब्रिज और फिर राजबाग के रास्ते इकबाल पार्क के पास नाज क्रासिंग पर पहुंचा। उसके बाद निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के नीचे से होते हुए नागरिक सचिवालय पहुंचा।