मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को जिले का दौरा कर पाक की गोलाबारी में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के मारे जाने पर उनके परिवार वालों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार के रिश्तेदारों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा।
महबूबा मुफ्ती ने परिवार में जीवित बची दो बेटियों के शैक्षिक व्यय को पूरा करने के लिए तीन लाख रुपये का चेक भी सौंपा। उन्होंने इन दोनों के इलाज पर आने वाले सभी खर्चों को सरकार द्वारा उठाने की भी घोषणा की। आश्वासन दिया कि मृतक व्यक्ति के भाई को सरकारी नौकरी दी जाएगी ताकि वह परिवार चला सके।
मुख्यमंत्री ने बालाकोट क्षेत्र में 15 सामुदायिक बंकरों के निर्माण के अलावा क्षेत्र में ट्रॉमा अस्पताल, सड़क संपर्क और अन्य सुविधाओं सहित स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की भी घोषणा की। उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, राहत, पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद मुस्तफ ा मीर, विधायक शाह मोहम्मद तांत्रे, चौधरी कमर और यशपाल शर्मा भी मुख्यमंत्री के साथ थे।
पाक ने कृष्णा घाटी और मनकोट में दागे मोर्टार
पाकिस्तान ने बुधवार को एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर सीजफायर तोड़ा। इस दौरान मेंढर तहसील के मनकोट और कृष्णा घाटी सेक्टर में भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों के अलावा रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाते हुए करीब दो घंटे तक मोटार्र शेल दागे।
इसका भारतीय सेना ने भी कड़ा जवाब दिया। गोलाबारी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। देर शाम करीब 4.50 बजे पाकिस्तानी सेना ने अचानक मोर्टार शेल दागने शुरू किए। इस पर भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान की उन चौकियों को निशाना बनाते हुए कार्रवाई की, जहां से भारतीय क्षेत्र मेें गोलाबारी की जा रही थी।
करीब दो घंटों बाद 6.10 बजे पाकिस्तानी सेना की तरफ से की जाने वाली गोलाबारी बंद हुई। पाकिस्तानी सेना द्वारा दागे गए सबसे अधिक गोले मनकोट सेक्टर के गांव दबराज में गिरे। यहां करीब दो दर्जन मोर्टार शेल लोगों के घरों के आसपास गिरे। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तानी सेना ने इस क्षेत्र में चार बार सीजफायर तोड़ा है।