जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी दाखिलों की अधिसूचना जारी कर दी है। 12 विभागों में 75 सीटों पर आवेदन प्रक्रिया 25 मई से 15 जून तक चलेगी। फिजिक्स, केमिस्ट्री, कॉमर्स, एजुकेशन, इंग्लिश, जियोलॉजी, जूलॉजी, बॉटनी, मैथमैटिक्स, जियोग्राफी, फूड साइंस और म्यूजिक विभाग में दाखिले होंगे। सबसे ज्यादा 15 सीटें इंग्लिश विभाग, फिजिक्स व केमिस्ट्री में 11-11 और मैथमेटिक्स में नौ सीटें उपलब्ध हैं।
नेट, गेट, सेट या समान राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी। ऐसे अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे। प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन होगी जिसमें नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक कटेंगे। इंटरव्यू 25 अंक का होगा जिसमें रिसर्च राइटअप के 10 और वाइवा के 15 अंक शामिल हैं। अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को अनुरोध पर ऑनलाइन इंटरव्यू की सुविधा मिलेगी।
नौकरी कर रहे अभ्यर्थियों को जमा करनी होगी एनओसी
आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है। सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों को 1000 रुपये परीक्षा शुल्क भी देना होगा। दिव्यांगों को आवेदन शुल्क में छूट है। नौकरी कर रहे अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के समय संस्थान से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जमा करवााना होगा। केवल न्यूनतम पात्रता दाखिले की गारंटी नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर विवि मेरिट के आधार पर कटऑफ भी बढ़ा सकता है। प्रवेश परीक्षा और इंटरव्यू की तिथियां विवि की वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।