लद्दाख क्षेत्र में सोमवार को बादल फटने से एक गांव तबाह हो गया। लेह एयरपोर्ट से करीब सात किलोमीटर दूरी पर स्थित खलसी इलाके के वनला गांव में कई मकानों एवं अन्य इमारतों को खासा नुकसान पहुंचा है।
एक न्यूज चैनल के अनुसार इस गांव में फिल्म की शूटिंग करने पहुंचे निर्माता राकेश ओम प्रकाश मेहरा भी फंसे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार बादल फटने के बाद अचानक क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। बाढ़ से सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ। कई दुकानें और मकान बह गए। हवाई अड्डे में पानी भरने से उड़ानें भी प्रभावित रहीं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार खलसी इलाके के वनला गांव में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इससे कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, किसी जानी नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को वहां से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
रविवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने भी जमकर कहर बरपाया है। इसकी वजह से मकानों सहित फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिले में लगातार हो रही बारिश से दहशत का माहौल है। कई इलाकों में पानी भर गया है। इनमें छुचोट, थिकसे, साबू, यांग, शे और न्युमा क्षेत्र शामिल हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि पानी लेह हवाई अड्डे में भी घुसा। इससे कुछ देर के लिए उड़ानें भी प्रभावित रहीं। कारगिल जिले के संकू और पानिखार के अलावा अन्य इलाकों में भी मूसलाधार बारिश हुई है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर लद्दाख में बादल फटने की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व कारगिल के चुसखोर वखा गांव में बादल फटने से करीबन दो दर्जन मकानों को नुकसान पहुंचा था।