श्रीनगर-बारामुला हाईवे पर सेना की गाड़ी से एक युवक के घायल होने पर मंगलवार को लोगों ने जमकर बवाल किया। इससे देर तक ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। इस दौरान पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार हाईवे पर स्थित लावेपोरा इलाके के करीब सेना की गाड़ी और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच अफवाह फैली कि बाइक सवार की मौत हो गई है। इस पर लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने सेना की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। श्रीनगर-बारामुला हाईवे पर पत्थर रखकर उसे ब्लॉक कर दिया। वह सेना के वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने ट्रैफिक बहाल करने की कोशिश की, लेकिन युवा पत्थरबाजी करने लगे।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस कर्मियों के बीच देर तक भिड़ंत जारी रही। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इसके बावजूद लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। बाद में भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इसके बाद ट्रैफिक को बहाल किया जा सका।
पुलिस द्वारा जारी बयान में बाइक सवार की पहचान कवूसा के बशीर अहमद भट के तौर पर हुई है। बयान में बताया कि बाइक सवार को इलाज के लिए स्किम्स में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पारिमपोरा थाने में धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।