कश्मीर घाटी में शनिवार को एक बार फिर हिंसक झड़प की घटना हुई है। जानकारी के मुताबिक घाटी में सुरक्षाबलों से हुई इस झड़प में 50 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर हैं। कश्मीर घाटी में ये हिंसक झड़प पुलवामा जिले में हुई हैं।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलवामा के एसएसपी रईस मोहम्मद बट ने बताया कि पुलवामा जिले में डिग्री कॉलेज के समीप पुलिस द्वारा नाका लगाया गया था। इस दौरान कुछ युवकों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया। इस दौरान बेकाबू भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया जिसके बाद बड़ी संख्या में आए लोगों ने सुरक्षाबलों पर पथराव कर दिया।
पथराव के दौरान हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलो द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए तथा हवाई फायरिंग भी की गई। इस हिंसक प्रदर्शन के दौरान 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक इलाके में फिलहाल हालात काबू में हैं।