कश्मीर में सोमवार को भी तनाव का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर के बटमालू इलाके में हिंसक प्रदर्शन किए गए हैं। इस दौरान बटमालू के रेक चौक इलाके में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई है। श्रीनगर के कई इलाकों में तनाव के चलते तत्काल प्रभाव से इंटरनेट की सेवाएं बंद करवा दी गई हैं।
सोमवार को सुबह बटमालू के रेक इलाके में कुछ स्थानीय युवकों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान इस भीड़ के लोगों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया जिसके बाद हालात काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे और हवाई फायरिंग की है।
कश्मीर में सोमवार सुबह से लगातार तनाव का माहौल बरकरार है। घाटी में इस स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस क्रम में श्रीनगर समेत कई अन्य जिलों में भी सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।