आतिथ्य एवं प्रोटोकॉल (एच एंड पी) एवं नागरिक उड्डयन और संपदा विभाग के सचिव एम राजू ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तीन अलग-अलग बैठकें कीं। नागरिक उड्डयन विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सचिव ने विभाग द्वारा की जा रही कैपेक्स योजना के तहत जारी जम्मू एयरपोर्ट में हैंगर निर्माण, नेहरू श्रीनगर हेलीपैड के विस्तार के साथ जम्मू-कश्मीर में हवाई पट्टी और हेलीपैड का विस्तार व विकास की परियोजनाओं की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर के दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को हेलीकॉप्टर यात्रा का विकल्प प्रदान करने वाली गृह मंत्रालय की रियायती हेलीकॉप्टर योजना की भी समीक्षा की। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए हेलीकॉप्टर और विमान के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने विभागीय कामकाज को गति देने संबंधी कई दिशा-निर्देश दिए। एच एंड पी के अतिरिक्त सचिव पीएस राठौर ने अतिथ्य और प्रोटोकॉल निदेशालय, आवास आयोग और तोशखाना कार्यालय के कामकाज संबंधी जानकारी दी। इस दौरान सामान्य प्रशासनिक विभाग द्वारा विभाग के लिए गठित समिति में चतुर्थ श्रेणी पदों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
वहीं, संपदा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करने के अलावा विभाग के काम का जायजा लिया। सचिव ने अधिकारियों को श्रीनगर (पांपोर) में 400, जम्मू (सरवाल) में 28, अहाता अमर सिंह में 28, लोअर मुट्ठी में 28 और जम्मू के गुलामी बाग में निर्माणाधीन 5 फ्लैट्स सहित निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में उन्हें जानकारी दी गई कि जम्मू और श्रीनगर में हजार (1000) फ्लैटों (500) के लिए डीपीआर बनाई जा रही है।