जम्मू। एनसीसी द्वारा शुरू की गई पहल पुनीत सागर अभियान के माध्यम से एनसीसी निदेशालय जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में नदी के किनारों और जल निकायों से सटे क्षेत्रों की सफाई के लिए पांच दिवसीय अभियान का आगाज किया गया है। अभियान शुक्रवार को प्रदेश के अलग अलग हिस्सों से शुरू किया गया।
एनसीसी कैडेटों ने नदियों और जल निकायों को साफ करने के लिए विभिन्न स्थानों पर एक साथ अभियान शुरू किया। जल निकायों को प्लास्टिक और अन्य हानिकारक प्रदूषकों से मुक्त रखने के महत्व के बारे में जनता को जागरूक भी किया गया।
बंदरकूट में चिनाब नदी, भद्रवाह में नीरू नदी, जम्मू में तवी नदी, बदियां पट्टन में कठुआ नहर, पुरथु में रंजीत सागर बांध, उधमपुर में देविका नदी, बसंतर नदी को साफ करने के प्रयास के साथ अभियान शुरू किया गया। कैडेटों ने न केवल नदियों और जलाशयों की सफाई की, बल्कि कुछ स्थानों पर जन जागरूकता मार्च भी निकाले।