जम्मू। कोरोना संक्रमण का ग्राफ गिरते ही स्कूल शिक्षा विभाग ने फिर से प्रतिदिन एक घंटा अभिभावकों, प्रतिनिधिमंडल और हितधारकों की शिकायतें सुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्कूल फीस, ऑनलाइन पढ़ाई व अन्य शिकायतें लेकर शिकायतकर्ता स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू और संभाग के सभी सीईओ कार्यालयों में सोमवार से शनिवार दोपहर 2:30 से 3:30 तक व्यक्तिगत रूप से मिल सकेंगे। इसके अलावा टेलीफोन पर भी शिकायत बता सकते हैं। लोगों की शिकायतें सुनने और निवारण के लिए अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। निदेशालय ने इसको लेकर आधिकारिक नोटिस भी जारी किया है।
कोविड के कारण विभाग से जुड़े कार्यालयों में आम लोगों को आने अनुमित नहीं थी। अब कोरोना के कम होते मामलों को देखते हुए निदेशालय ने इस प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया है। इससे अभिभावकों को काफी राहत मिलेगी। स्कूल फीस, ऑनलाइन पढ़ाई जैसे अन्य मामलों में आ रही परेशानियों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। निदेशालय ने लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 01912598439 और इमेल स्रह्यद्ग.द्भड्डद्वद्वह्वञ्चद्भद्म.द्दश1.द्बठ्ठ जारी की है, यहां पर भी लोग अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे। हालांकि कार्यालय आने वाले लोगों को कोविड एसओपी का पालन करना होगा। वहीं सीआईओ कार्यालय में भी शिकायतें सुनी जाएंगी। इसके लिए सभी सीईओ को निर्देश दिए गए हैं। स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू रवि शंकर शर्मा ने कहा कि कोविड के कारण इस प्रक्रिया को कुछ समय के लिए बंद किया था, जिसे दोबारा शुरू किया गया है।