जम्मू। शहर के पार्कों में लंबे समय से फैली गंदगी और अव्यवस्था के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई जगह कूड़ा-कचरा बिखरा था, घास की कटाई नहीं हो रही थी और साफ-सफाई की कमी के चलते लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं।
संवाद टीम की ओर से लगातार चलाए गए अभियान और स्थानीय लोगों की बुलंद आवाज से अब नगर निगम हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने सकारात्मक कदम उठाते हुए विभिन्न पार्कों में सफाई अभियान चलाया। विभाग की ओर से जमा कचरे को हटाया गया और सफाई का काम तेज किया गया। शास्त्री नगर, सतवारी, नई बस्ती सहित अन्य पार्कों में फव्वारे, बेंच दुरुस्त किए जा रहे हैं।
पार्कों में घास की कटाई, झाड़ियों की सफाई और अन्य सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। कई स्थानों पर बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और पानी की सुविधा में भी सुधार का काम होगा जिससे लोगों को परेशानियों से निजात मिलेगी। शहरवासियों का कहना है कि पार्क शहर की सुंदरता के साथ-साथ मनोरंजन का भी अहम हिस्सा होते हैं। ऐसे में इनका साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहना जरूरी है।
सभी पार्कों में मरम्मत कार्य और सुंदरीकरण पर काम चल रहा है। कई टेंडर पर काम पूरा होने जा रहा है। अन्य पार्कों में भी सुधार कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।
- डॉ. देवांश यादव, कमिश्नर नगर निगम।