कश्मीर में एक बार फिर से बॉलीवुड ने दस्तक दी है। इससे साबित होता है कि बॉलीवुड में आज भी कश्मीर की हसीन वादियों का विशेष स्थान है। इस बार जो फिल्म कश्मीर में दर्शाई गई, वह है चिनार-दास्तां-ए-इश्क । यह रोमांटिक फिल्म है। इसमें आमिर खान के छोटे भाई फैजल खान और अभिनेत्री इनायत शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म एक मई को रिलीज होगी।
कश्मीर घाटी दशकों से बॉलीवुड की पहली पसंद रही है। पिछले दो दशकों में जो फिल्में बनीं, उनमें से ज्यादातर की कहानी आतंकवाद पर केंद्रित रही। लेकिन इस बार कश्मीर के एक अलग रूप को दर्शाने की कोशिश की गई है। इस फिल्म में कश्मीर के पूर्व सरकारी नौकरशाह से राजनेता बने फारूक रेंजू के नॉवल झील जलती है पर आधारित है। फारूक रेंजू के अनुसार यह एक अलग फिल्म है, जो पूरी घाटी पर आधारित है।
फिल्म के निर्देशक शरीक मिनहाज के अनुसार कश्मीर में जो भी फिल्म बनी है, उनमें से ज्यादातर हिट हुई हैं। उन्होंने कहा कि बाकी फिल्मों से हटके मैं कश्मीर पर फिल्म बनाना चाहता था। वैसी स्क्रिप्ट मुझे मिल भी गई। शरीक के अनुसार लोग भी कश्मीर का असली रूप देखना चाहते हैं।
पिछले 20 साल से ऐसी फिल्में नहीं बन रही थी। यह फिल्म लोगों की उम्मीद पर खरा उतरेगी। पिछले छह महीनों से लोकेशन को लेकर काफी रिसर्च किया गया। कश्मीर को सही रूप से दर्शाने के लिए कश्मीरी कलाकारों को लिया गया है।