कश्मीर घाटी में सोमवार से चिल्ले कलां का आगाज हुआ। 40 दिन तक चलने वाली कड़ाके की ठंड के बीच तापमान ने गोता लगाया। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 15.1 के साथ सीजन का सबसे कम तापमान रिकार्ड हुआ है।
कारगिल में न्यूनतम तापमान गोता खाकर माइनस 14.2 पर पहुंच गया है। जबरदस्त शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान पिछले चौबीस घंटे में करीब पांच डिग्री सेल्सियस नीचे आकर माइनस 5.6 पर पहुंच जाने से कड़ाके की ठंड हो गई है।
वहीं डल झील का पानी भी तीन-चार स्थानों पर किनारे की तरफ जमने लगा है। कश्मीर घाटी में चिल्ले कलां के पहले ही दिन तापमान के एकदम गिरने से जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है।
तापमान माइनस में होने से पाइपों में पानी तक जमकर रह गया है। स्थानीय निवासी अहमद भट के अनुसार कश्मीर में चिल्ले कलां को सबसे सर्दी वाले 40 दिन माना जाता है।
इसकी शुरूआत ने ही ठंड के रिकार्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं। एक और स्थानीय निवासी मोहम्मद सुलतान के अनुसार ठंड इतनी बढ़ गई है कि रात में पाइपों में पानी जम गया था। नदी और नालों का पानी भी जमने लगा है।