घाटी के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के साथ चालीस दिन कड़ाके की ठंड देने वाले चिल्ले कलां की रविवार को समाप्ति हो गई। विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग और श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई।
घाटी के अधिकांश मैदानी इलाकों के अलावा जम्मू संभाग के उधमपुर के चिनैनी सहित आसपास के इलाकों में बारिश हुई। पर्यटक स्थल नत्थाटाप में पर्यटकों को ताजा बर्फबारी का मजा लूटने का मौका मिला।
इस बीच न्यूनतम माइनस 11.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लेह सबसे सर्द रहा। माइनस 6.0 डिग्री सेल्सियस के साथ गुलमर्ग दूसरे नंबर पर रहा। उत्तर भारत में कोहरे से रविवार को जम्मू रेलवे स्टेशन पर दर्जन भर ट्रेनें निर्धारित से देरी समय से पहुंची।