मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को बीरवाह विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन भरा। नामांकन भरने के बाद बीरवाह में रैली कर लोगों से कई वादे किए। मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला गुरुवार को नारबल से होते हुए मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले के बीरवाह पहुंचे और जि़ला चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में बीरवाह विधानसभा क्षेत्र के लिए अपना नामांकन भरा।
इसके बाद उमर ने बीरवाह के बस स्टैंड पर आयोजित जनसभा में कहा कि वह बीरवाह के लोगों से वादा करते हैं कि जो विकास उनके द्वारा गांदरबल क्षेत्र में किया गया है उससे दोगुना विकास बीरवाह में करवाएंगे। अपने भाषण के दौरान उमर ने भाजपा को भी नहीं छोड़ा।
उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा अनुच्छेद 370 पर दिए जा रहे बयानों पर कहा कि जिस प्रकार जम्मू में भाजपा नेता अनुच्छेद 370 पर बहस करवाने की बात करते हैं और कश्मीर में बंदूक उठाने की, उससे लगता कि वोट बैंक हासिल करने के लिए भाजपा दोहरी नीति अपना रही है।
उमर ने यह भी कहा कि राज्य का अपना ध्वज है और हम उसे झुकने नहीं देंगे। अगर वह सही रूप से लोगों का दिल जीतना चाहते हैं तो उन्हें इस ध्वज को स्वीकारना होगा। गौरतलब है कि बीरवाह विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2008 में पीडीपी के विधायक शफी अहमद वानी ने जीत हासिल की थी। उन्होंने नेकां के प्रत्याशी अब्दुल मजीद मट्टू को केवल 164 वोटों से पराजित किया था।