जम्मू। चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता ने कश्मीर में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर की जा रही हत्याओं को केंद्र सरकार को गंभीरता से लेने को कहा है। सरकार हत्याओं पर विराम लगाने में विफल रहती है, तो कश्मीर से अल्पसंख्यकों और गैर स्थानीय लोगों के पलायन को गति मिल सकती है।
चैंबर की आपात बैठक की अध्यक्षता करते हुए गुप्ता ने कहा कि कश्मीर में दिन ब दिन बिगड़ रहे माहौल का जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश पर असर पड़ सकता है। सरकार को अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए जरूरी है कि हालात को सामान्य बनाकर आम लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। कश्मीर में दिनदिहाड़े निर्दोष लोगों की हत्याएं की जा रही हैं, जिससे अल्पसंख्यकों और गैर स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है।
सरकार को आतंकियों के सफाए के लिए ठोस नीति पर काम करना चाहिए। सरकार ऐसी स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिकता पर काम करे। पाकिस्तान प्रायोजित तत्व कश्मीरी पंडितों, सिखों और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय में डर का माहौल पैदा करने का काम कर रहे हैं। कश्मीर में भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिशें की जा रही हैं। बैठक में चैंबर पदाधिकारियों में अनिल गुप्ता, राजीव गुप्ता, गौरव गुप्ता, राजेश गुप्ता मौजूद रहे।