कठुआ। बढ़ते कोरोना संक्रमण के बावजूद करीब ढाई महीने के लंबे लॉकडाउन के बाद सरकार ने सब कुछ खोल दिया ताकि अर्थव्यवस्था दोबारा पटरी पर लौटे। लोगों की नौकरी बची रहे और वे अपने परिवार को पाल सके। इस सब के बीच कुछ नियम भी बनाए, जिनका पालन करना बहुत लाजमी है। ये नियम कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हैैं। अगर बहुत जरूरी है तभी घर से बाहर निकलें। जब भी निकलें तो प्रयास कीजिए अकेले ही जाएं। वहीं मुंह पर मास्क लगाएं, हाथों को सैनिटाइज करेें और सामाजिक दूरी का पालन करें।
मगर कठुआ जिले में कोई भी नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। रोजाना कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद भी लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे लापरवाह लोगों से निपटने के लिए प्रशासन भी सख्त हो गया है। प्रशासन ने बिना मास्क पहने बाजार में आने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जिला न्यायाधीश ने बाजार में बिना मास्क पहनकर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। सोमवार को शहर में लोगों को जागरूकता के लिए पुलिस का वाहन जहां घोषणा करता नजर आया, वहीं उल्लंनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। इसी के तहत जिला मुख्यालय कठुआ, हीरानगर और बिलावर में 116 लापरवाह लोगों को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ा। बिना मास्क पहुंचे इन लापरवाह लोगों से पुलिस ने 300 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से जुर्माना भी वसूल किया। नियमों को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसएसपी कठुआ डॉ. शैलेंद्र मिश्रा ने खुद भी कमान संभाल ली है।
चिंता जनक स्थिति यह है कि लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बावजूद भी लोग लापरवाह बने हुए हैं तो आगे आने वाली विकट परिस्थिति के लिए कौन जिम्मेदार होगा। लोगों को भी कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।
कठुआ शहर में 72 लोगों के कटे चालान
शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने कोरोना नियमों को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को नियमों के उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी कठुआ डॉ. शैलेंद्र मिश्रा ने खुद कमान संभाली। इस दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 72 चालान काटे। कठुआ शहर के मुख्य बाजारों में जिन लोगों ने मास्क नहीं लगाए थे, उनके 300 रूपए प्रति व्यक्ति का चालान काटा गया। वहीं मुखर्जी चैक, शहीदी चैक, कालीबड़ी, रेलवे रोड़ सहित कई जगहों पर पुलिस ने मास्क न लगाने और सामाजिक दूरी का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की। एसएसपी कठुआ ने बताया कि मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने सहित लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। संवाद
हीरानगर में भी पुलिस ने की कार्रवाई
हीरानगर। पुलिस ने चड़वाल के मुख्य चौक में नाका लगाकर बाजार और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिना मास्क आवाजाही करने वाले लोगों के चालान काटे। इस दौरान दुकानदारों को भी हिदायत दी कि दुकान में सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा। अगर नियमों का पालन नहीं किया तो उनपर भी कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी विकी थापा ने बताया कि बिना मास्क के सार्वजनिक स्थलों पर घूमने वाले करीब 25 लोगों के चालान काटे हैं। आगे भी यह प्रक्रिया इसी तरह से जारी रहेगी। बेहतर होगा लोग नियमों का पूरा पालन कर पुलिस को सहयोग करें। संवाद
बिलावर में 19 लोगों से वसूला जुर्माना
बिलावर। सार्वजनिक स्थलों पर बिना फेस मास्क पहने आने-जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिलावर पुलिस ने सोमवार को 19 चालान कर 57 सौ रुपये जुर्माना वसूला। पुलिस थाना बिलावर के एएसआई मुल्क राज शर्मा की अगुआई में टीम ने तहसील कार्यालय, मुख्य बाजार, बस स्टैंड और अन्य इलाकों में कार्रवाई की। एसआई ने लोगों को चेतावनी दी के बिना फेस मास्क पहने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगीा। पुलिस अधिकारी सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों को हमेशा फेस मास्क पहनने को कहा। संवाद