पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी
- फोटो : File Photo
पाकिस्तानी सेना ने वीरवार को जिले के शाहपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की। इस दौरान दो पोर्टर घायल हो गए। सेना के जवानों ने दोनों को वहां से सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दोपहर करीब 11:45 बजे शाहपुर सेक्टर में भारतीय सेना की 3/8 गोरखा रेजिमेंट की चौकी शेर एवं शक्ति से पिंपल की तरफ सामान लेकर जा रहे दो पोर्टरों मोहम्मद फारूक और मुश्ताक अहमद निवासी मंडी तहसील (सावजियां सेक्टर) को निशाना बनाते हुए पाकिस्तान सेना ने गोलाबारी शुरू कर दी।
इस दौरान पाकिस्तान की 648 मुजाहिद्दीन रेजिमेंट के जवानों ने अपनी अग्रिम चौकी बुजदिल से गोलाबारी शुरू की। इससे दोनों पोर्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक के पैर और दूसरे की बाजू में दो-दो गोलियां लगीं हैं। पाक सेना की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना ने कड़ा जवाब देना शुरू किया।
करीब 10 मिनट बाद पाकिस्तानी सेना की तरफ से गोलाबारी थम गई। इसके बाद क्षेत्र में तैनात जवान घायल दोनों पोर्टरों को वहां से उठाकर अपनी अग्रिम चौकी पर ले आए और मरहम पट्टी की। इसके बाद उन्हें सैन्य वाहन के जरिये पुंछ नगर स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचाया।