गुम्मट में दीपमाला के साथ आतिशबाजी करते युवा।
जम्मू। दिन में आजादी मिलने जैसा जश्न और शाम को दीपावली जैसा उल्लास। अनुच्छेद 370 और 35-ए हटने की पहली वर्षगांठ के साथ अयोध्या नगरी में श्री राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन पर शहर में दोहरी खुशी मनाई गई। दिन के समय चौक-चौराहों पर ध्वजारोहण को लेकर खासी रौनक रही। शाम ढली तो जगह-जगह दीप जलाए गए। आकाश आतिशबाजी से जमगम होने लगा। कई जगह दीप माला की रोशनी से दीपों के त्योहार दिवाली जैसा माहौल बन गया। इस सब के बीच जय सिया राम के जयघोष से मंदिरों का शहर जम्मू गूंज उठा।
आयोजन भाजपा व उसके विभिन्न मोर्चों व संगठनों की ओर से आयोजित किया गया। विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश मुख्यालय में भी दीपजलाए गए। कार्यालय में अयोध्या में भूमि पूजन का सीधा प्रसारण देखा गया। बिना किसी पार्टी या संगठन से जुड़े हुए लोगों ने भी आतिशबाजी और दीपक जलाकर अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि पर खुशी परिवार व समाज के साथ मनाई।