मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि आयोग लोकसभा और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने को लेकर चिंतित है, लेकिन दो चुनाव एक साथ कराने पर अंतिम फैसला सुरक्षा एजेंसियों और राजनीतिक दलों के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि बिना किसी देरी के जल्द ही चुनाव होंगे।
उन्होंने कहा, 'हम जम्मू-कश्मीर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों को लेकर चिंतित हैं।... श्रीनगर और जम्मू में हम जिन राजनीतिक दलों से मिले, उनमें से अधिकांश ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ कराने की मांग की।'
उन्होंने कहा, 'लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के संबंध में, हम गहन सुरक्षा समीक्षा और राजनीतिक दलों के साथ परामर्श के बाद अंतिम निर्णय लेंगे। एक बात तय है कि हम जम्मू-कश्मीर में जल्द लोकसभा और विधानसभा चुनाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होंगे और शांतिपूर्ण तरीके से होंगे।
समय पर चुनावी बॉन्ड के विवरणों का होगा खुलासा
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग चुनावी बॉन्ड पर सभी विवरणों का समय पर खुलासा करेगा। आयोग को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से चुनावी बॉन्ड से संबंधित विवरण प्राप्त हो गया है और वह समय पर सभी प्रासंगिक जानकारी साझा करेगा। सीईसी ने कहा कि आयोग 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। बुधवार को जम्मू में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह बातें कहीं।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..