पाकिस्तानी सेना ने वीरवार को सीजफायर का उल्लंघन करते हुए दिगवार सेक्टर में गोले दागे। मंजाकोट सेक्टर स्नाइपर हमले की चपेट में आने से मेजर और बीएसएफ का एक हेड कांस्टेबल जख्मी हो गए। दोनों को उपचार के लिए जम्मू के सतवारी स्थित सैन्य अस्पताल रेफर किया गया है।
पाकिस्तानी सेना ने वीरवार को दोपहर में करीब एक बजे राजोरी जिले के मंजाकोट सेक्टर के तरकुंडी गली की अग्रिम पोस्ट पर निशाना साधते हुए स्नाइपर अटैक किया। इसकी चपेट में आने से 15 जैकलाई के मेजर यादवेंद्र और बीएसएफ की 59 बटालियन के हेड कांस्टेबल मुमताज अली घायल हो गए।
उधर, पुंछ जिले के दिगवार सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर हैवी और यूनिवर्सल मशीनगनों से भारी गोलीबारी की। इस दौरान रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया तो सीमा पर से फायरिंग बंद हो गई।