पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सेना लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही है। इसी क्रम में पाकिस्तानी सेना ने कृष्णाघाटी सेक्टर और नौशेरा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। कृष्णाघाटी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से फायरिंग की। साथ ही मोर्टार शेलिंग कर सेना की चौकियों को निशाना बनाने की नापाक हरकत की। जिसका भारतीय सेना ने माकूल जवाब दिया। वहीं राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सीमा पार से की गई गोलाबारी का जवाब देते हुए भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है।
यह भी पढ़ेंः
बात उस बेली ब्रिज की जिसकी वजह से बौखलाया है चीन, जानिए सबसे पहले इसे किसने और कब बनाया?
इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान सीमा पार से भारी गोलाबारी की गई। पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया। राजोरी में हुई पाकिस्तानी गोलाबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया है। जबकि एक जवान और एक नागरिक घायल भी हुआ है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान सीमा पार से गोलाबारी की। जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि पाकिस्तानी गोलाबारी का जवाब देते हुए हवलदार दीपक कार्की गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में वह वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि हवलदार दीपक कार्की एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार सैनिक थे। उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए राष्ट्र हमेशा ऋणी रहेगा।
यह भी पढ़ेंः
आतंकियों के लिए काल बनकर आया '2020 और जून', सेना के पराक्रम और इस रणनीति से बौखलाए हैं आतंकी संगठन