राजोरी। जिले की मंजाकोट तहसील में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे रिहायशी इलाकों में पाकिस्तान ने छह घंटे भीषण गोलाबारी की। इस दौरान पाकिस्तानी सेना का एक मोर्टार शेल लंबीबाड़ी गांव निवासी हाजी रफीक खान के घर में गिरा। इससे रफीक खान और उनकी 10 साल की पोती सोनिया शब्बीर गंभीर रूप से घायल हो गई। खोडीनार इलाके में एक मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे गोलाबारी शुरू की। पहले छोटे हथियारों से गोलाबारी की गई पर बाद में मोर्टार दागने शुरू कर दिए। सेना ने पाकिस्तान को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। बाद में सीमापार से तड़के गोलाबारी बंद हो गई। इस बीच दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी, राजोरी भेज दिया गया। दोनों घायलों की हालत स्थिर है।
उधर, पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में मंजाकोट के खोडीनार इलाके में नजीर हुसैन के मकान को भी क्षति पहुंची है। रात को नजीर हुसैन अपने परिवार के साथ घर में थे। तभी मोर्टार शेल उनकेघर पर आकर गिरा। धमाके में उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने डरे-सहमे परिवार को घर से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
----------
हीरानगर में पाकिस्तान ने तोड़ा संघर्ष विराम, बीएसएफ ने दिया करारा जवाब
हीरानगर। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने मंगलवार रात संघर्ष विराम का उल्लंघन कर हीरानगर सेक्टर में बीएसएफ की चौकियों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे पाकिस्तानी सेना ने पप्पू चेक पोस्ट से बीएसएफ की चंदवां पोस्ट और आसपास के इलाकों में गोलाबारी की। गोलाबारी बुधवार तड़के साढ़े चार बजे तक जारी रही। बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान की इस हरकत का करारा जवाब दिया है।