सर्जिकल स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने एलओसी और आईबी पर गोलाबारी की रेंज बढ़ा दी है। 36 घंटे में सीमा पार से सात बार गोले दागे गए हैं।
पलांवलां के छन्नी ताना के 12 नम्बर पोस्ट बदगाल पर तैनात 2/9 गोरखा रायफल का एक जवान घायल हो गया । मंगलवार देर शाम मेंढर तहसील के मनकोट सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी शुरू हो गई।
भारत की अग्रिम चौकी क्रांति और मान पर पाकिस्तानी चौकी चूहा और डाकू की ओर से पहले छोटे हथियार यूएमजी फिर उसके बाद मोर्टार दागे जा रहे हैं। भारतीय सेना मुंहतोड़ जबाव दे रही है। यह वही क्षेत्र है जहां से भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देते हुए पीओके के तत्तापानी में आतंकी कैंपों को तबाह किया था।
एलओसी के पास 50 गांव के ग्रामीणों ने छोड़ा अपना घर
पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी
- फोटो : File Photo
मंगलवार को 1.35 बजे दिन में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तान ने एलओसी और आईबी पर बसे गांवों को निशाना बनाकर धुंआधार गोले बरसाए। एलओसी के करीब 50 गांव के ग्रामीण दिन में ही गांव छोड़ने पर मजबूर हो गए।
अखनूर के छंब पलांवाला सेक्टर और नौशेरा के कलाल एवं कलसियां में पाक की ओर से गोलाबारी की गई। पाकिस्तान ने इस बार गोलाबारी की रेंज बढ़ा दी जिससे रिहायशी इलाके मोर्टार की जद में आए।
छंब-पलांवाला सेक्टर में मंगलवार की दोपहर डेढ़ बजे 35 किलोमीटर लंबी सीमा पाक गोलाबारी से गूंज उठी। देर शाम तक गोलाबारी जारी थी। गोलाबारी से सीमावर्ती गांव घिगड़याल, बदोवाल, खरोटा, छन्नी दिवानू, पलांवाला, पजतुंत, समोआ, चपरेयाल, परगवाल, राजपुरा, मीरपुर, सूई, आदि को भी निशाना बनाया। शिविरों से दिन में वापस घर गए ग्रामीणों में गोलाबारी से अफरातफरी मच गई और वह सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ का प्रयास
हथियार के साथ मोर्चे पर जाना सेना का जवान
- फोटो : PTI
पलांवाला के सेलांवाली गांव के लोगों ने बताया कि उनके घरों के पास भी गोले गिरे हैं। गोलाबारी में फिलहाल जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं नौशेरा के कलाल में सोमवार की रात और कलसियां में मंगलवार सुबह चार बजे एलओसी पार से फायरिंग शुरू की गई। आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश भी की गई।
जवानों की मुस्तैदी ने आतंकियों को वापस जाने पर मजबूर कर दिया। गोलाबारी ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। राहत शिविराें में आने वाले लोगों की भीड़ बढ़ गई है। नौशेरा में फायरिंग से 18 परिवार सुन्दरबनी के राहत कैंपों में शिफ्ट किए गए हैं।