राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर के माला क्षेत्र की दादल पोस्ट पर वीरवार की देर शाम पाकिस्तानी सेना की ओर से दागे गए स्नाइपर शाट से बीएसएफ की 126वीं बटालियन के दो कांस्टेबल परमजीत विश्वास तथा मनसा राम गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर उधमपुर सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान परमजीत विश्वास शहीद हो गए। मनसा राम का इलाज चल रहा है। स्नाइपर शाट के बाद बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। देर रात तक दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलाबारी जारी थी।
घुसपैठ की आशंका पर सतर्कता बढ़ाई
माछिल सेक्टर में जहां पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है, वहां से पूर्व में कई बार आतंकी घुसपैठ के प्रयास किए जा चुके हैं। ऐसे में गोलाबारी की आड़ में आतंकी घुसपैठ की आशंका को देखते हुए सेना ने एलओसी पर सतर्कता बढ़ा दी है।
उड़ी में दो जवान हो गए थे घायल
पाकिस्तान की ओर से बुधवार को बारामुला के उड़ी सेक्टर में की गई गोलाबारी में दो जवान घायल हो गए थे। सेक्टर के कमलकोटे माड़ियां इलाके में सेना की पथर मूसा पोस्ट पर स्नाइपर फायर में घायल हुए दो जवानों 8 राष्ट्रीय राइफ ल्स के सिपाही दुपो वेसू नाथ और नायक एम विल्लन का अस्पताल में इलाज चल रहा है।