पाकिस्तान ने शनिवार को भी एलओसी तथा आईबी पर अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की। पुंछ जिले के कृष्णा घाटी तथा कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में की गई गोलाबारी में मामूली नुकसान पहुंचा है। सेना और बीएसएफ की ओर से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया गया है। ज्ञात हो कि सेना की जवाबी कार्रवाई में वीरवार की रात पीओके के बट्टल क्षेत्र में 10 पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए गए थे। दो चौकियां तबाह हो गई थीं।
पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर मेंढर सब डिवीजन के कृष्णा घाटी और सलोत्री सेक्टर में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे। इसके बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। सीमा पर दोनों तरफ से लगभग दो घंटे तक गोलाबारी जारी रही। गोलाबारी की आवाज पुंछ नगर तक सुनी गई। इससे पहले वीरवार को भी पाकिस्तानी सेना की तरफ से जिले के कृष्णा घाटी और मनकोट में भारी गोलाबारी की गई थी।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान ने शुक्रवार को रातभर सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोलाबारी की। इस दौरान चांदवा पोस्ट और उसके आसपास के चक चंगा और करोल गांव में गोले बरसाए। क्षेत्र में सुरक्षा बांध का कार्य रात करीब साढे़ आठ बजे शुरू हुआ। इसके एक घंटे बाद साढे़ नौ बजे पाकिस्तान ने गोलाबारी शुरू कर दी, जो सुबह 5:40 बजे तक जारी रही। इस दौरान करीब 36 मोर्टार दागे गए। गोलाबारी में तीन घरों को मामूली नुकसान पहुंचा है।