पाकिस्तानी सेना ने सोमवार देर शाम को पांच दिन की खामोशी के बाद नियंत्रण रेखा पर मनकोट सेक्टर में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर छोटे और बड़े हथियारों से गोलाबारी की। गोलाबारी का सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया। गोलाबारी में कहीं पर भी किसी प्रकार का नुकसान होने का कोई समाचार नहीं है।
गोलाबारी से नियंत्रण रेखा से सटे मनकोट, नाड़ मनकोट, चोई मनकोट, दबराज, बलनोई और घानी जैसे कई ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन कर रह गया। नियंत्रण रेखा के दोनों तरफ हो रही इस गोलाबारी से उठ रही आवाजें कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं। क्षेत्र के लोगों को जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर पनाह लेनी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5.45 बजे पाकिस्तानी सेना ने मनकोट सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को निशाना बनाकर पहले यूनिवर्सल मशीनगन और कुछ पलों के बाद मोर्टारों से गोलाबारी शुरू कर दी। क्षेत्र में तैनात सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना की उन चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी जहां से पाकिस्तानी सेना गोलाबारी कर रही थी।
पाकिस्तानी सेना की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन कर की जा रही गोलाबारी की पुष्टि करते हुए सैन्य प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया है कि सेना की तरफ से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पूर्व वीरवार को पाकिस्तानी सेना ने शाहपुर में भारी गोलाबारी की थी, जिसमें एक युवक घायल हो गया था।