पाकिस्तान ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए कश्मीर के राजौरी सेक्टर में गोलीबारी की। राजौरी के मंजाकोट सेक्टर में दो नागरिक घायल हो गए और दो मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मंजाकोट के एसएचओ मंजूर अली ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गुलपुर सेक्टर में करीब चार घंटे गोलाबारी की थी।
इस दौरान पाकिस्तान ने सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार और यूनिवर्सल मशीनगन से गोलाबारी की थी। मंगलवार सुबह 10 बजे शुरू हुई गोलबारी दोपहर दो बजे तक चली थी।
दूसरी ओर रात लगभग 9:30 बजे मेंढर सेक्टर के मनकोट व बालाकोट में भी पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी शुरू कर दी थी। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार देर शाम से मंगलवार तड़के तक भी पाकिस्तानी सेना ने इसी क्षेत्र में गोलाबारी की थी।
पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया था। इसमें नियंत्रण रेखा से सटे गांव खड़ी, करमाड़ा, पोलस और बटवड़ी सहित कई गांव प्रभावित हुए थे।
मंगलवार दोपहर करीब 10 बजे अचानक पाकिस्तानी सेना की 41 बलोच रेजीमेंट ने जिले के गुलपुर सेक्टर में अपनी अग्रिम चौकियों बकरी, बकरी वन, बकरी टू, बकरी मेन, एलपी, एलपी वन और एलपी राइट से गोलाबारी की। उन्होंने सैन्य चौकियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को भी निशाना बनाया।