जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बॉर्डर पर राजौरी में पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है। पाकिस्तान की गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
राजौरी के मंजककोट में पाकिस्तान की सेना द्वारा भारी गोलीबारी की गई है। इस गोलीबारी में मंजककोट में रात को सोते हुए दो व्यक्ति घायल हो गए। इसके अलावा गोलाबारी में मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
हालांकि भारतीय सेना भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। फिलहाल दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले कई दिनों से पाकिस्तान की तरफ से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा रहा है।
पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गुलपुर सेक्टर में करीब चार घंटे गोलाबारी की। इस दौरान पाकिस्तान ने सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार और यूनिवर्सल मशीनगन से गोलाबारी की।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार देर शाम से मंगलवार तड़के तक भी पाकिस्तानी सेना ने इसी क्षेत्र में गोलाबारी की थी। पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इसमें नियंत्रण रेखा से सटे गांव खड़ी, करमाड़ा, पोलस और बटवड़ी सहित कई गांव प्रभावित हुए।
मंगलवार को करीब 10 बजे अचानक पाकिस्तानी सेना की, 41 बलोच रेजीमेंट ने जिले के गुलपुर सेक्टर में अपनी अग्रिम चौकियों बकरी, बकरी वन, बकरी टू, बकरी मेन, एलपी, एलपी वन और एलपी राइट से गोलाबारी की।
उन्होंने सेना की चौकियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को निशाना बनाकर यूनिवर्सल मशीनगनों और मोर्टार से गोलाबारी शुरू कर दी। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने घरों और बंकरों में पनाह ले ली।
पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का सेना की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इसमें कहीं किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, परंतु कई घरों के आसपास पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागी गई गोलियां और मोर्टार आकर लगे। इससे लोगों में भय व्याप्त हो गया।