जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के केरी सेक्टर में पाकिस्तान ने रविवार दोपहर सीजफायर का उल्लंघन किया। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों को स्नाइपर बंदूकों से निशाना बनाया। जिसमे एक जवान के घायल होने की सूचना है। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
सेना सूत्रों की माने तो पाकिस्तानी सेना आतंकियों को भारत में घुसपैठ के लिए लगातार कवर फायर देकर मदद कर रही है। ऐसे में सीमा पर जवानों की चौकसी से पाकिस्तान की हर कोशिश नाकाम साबित हो रही है।
शुक्रवार को मेजर और जवान हुए थे शहीद
बीते दिनों राजौरी जिले के नौशेरा इलाके के लाम सेक्टर में शुक्रवार को दो आईईडी ब्लास्ट में एक मेजर समेत दो जवान शहीद हो गए। दो अन्य जवान घायल है। सेना की लाम बटालियन 2/1 जीआर के तीन जवान गश्त के दौरान आईईडी ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीनों को अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। इनमें से एक जवान ने दम तोड़ दिया था।
उसी जगह शाम पौने छह बजे एक और आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें सेना के एक मेजर शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि आईईडी ब्लास्ट में सेना की एक जिप्सी भी उड़ गई है। शहीद मेजर की पहचान एस नायर और जवान की पहचान राइफलमैन जीवन गुरुंग के रूप में हुई थी।