पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में रविवार को पाक सेना ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने फायरिंग की, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। वहीं कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। यहां पाक सेना ने शनिवार रात बजे से रविवार सुबह करीब चार बजे तक पाकिस्तानी सेना ने फायरिंग की। जिसका भारतीय सेना ने माकूल जवाब दिया।
इतना ही नहीं दिवाली के दिन भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया था। राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने फायरिंग की जिसमें भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया था। वहीं भारतीय सेना ने पाकिस्तान को उसकी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया था।
पाकिस्तानी सेना आए दिन संघर्षविराम का उल्लंघन कर रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही है। पाक की ओर से की जा रही फायरिंग के चलते सीमा से सटे इलाकों के नागरिक सहमे हुए हैं। वहीं, कठुआ के ग्रामीण पाकिस्तान की इन नापाक हरकतों को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने भारतीय सेना से पाकिस्तान को माकूल जवाब देने व सबक सिखाने की अपील भी की है।