रामबन। बनिहाल पुलिस ने बुधवार को जवाहर टनल पर पशुओं की तस्करी के आरोप में एक महिला सहित दस लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बनिहाल थाना में पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस पोस्ट जवाहर टनल पर पांच वाहनों को रोका गया। जांच के दौरान इनमें 46 पशु लदे पाए गए। सभी मवेशी अत्यंत क्रूरता से वाहन में लादे गए थे।
सत्यापन के दौरान वाहन चालकों ने अन्य सहयोगियों के साथ उपमंडल मजिस्ट्रेट हीरानगर द्वारा जारी अनुमतियां प्रस्तुत कीं, हालांकि इस पर पुलिस को संदेह हुआ। उक्त अनुमतियों को संबंधित अधिकारी के साथ सत्यापित किया गया, जिसमें यह पाया गया कि ये अनुमतियां जाली हैं और उनके द्वारा जारी नहीं की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद सादिक निवासी हीरानगर, आशिक हुसैन भट निवासी करमैल अस्सर डोडा, सज्जाद हुसैन निवासी हीरानगर, मोहम्मद नसीर निवासी बटोत, सरफराज अहमद निवासी हीरानगर, मोहम्मद मंशा निवासी जिंद्राह, मोहम्मद फारूक निवासी मेला हीरानगर, जफर अली निवासी सेल्कोडी, मजलता उधमपुर, अमजद अली निवासी हीरानगर, रशीदा बानो निवासी हीरानगर शामिल हैं। इन्हें गिरफ्तार किया गया। तस्करी में शामिल पांचों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
फर्जी अनुमति जारी कर रहा गिरोह
जांच में पता चला कि पशुओं की तस्करों का एक संगठित गिरोह हीरानगर के अनुमंडल दंडाधिकारी की ओर से फर्जी अनुमति जारी कर रहा है। इस मामले में और गिरफ्तारी की उम्मीद है। साथ ही इस संबंध में किसी सरकारी अधिकारी की भूमिका होने का भी पता लगाया जा रहा है। बनिहाल पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक रामबन मोहिता शर्मा की देखरेख में कार्रवाई की गई।