संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। ग्रेफ तथा मजदूर मामले को लेकर भाजपा जिला सचिव सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में आज कलाह गांव के लोगों का दल सांसद जुगल किशोर शर्मा से मिला। लोगो ने सांसद जुगल किशोर शर्मा को बताया कि ग्रेफ में काम करने वाले कलाह के मजदूरों को प्रताड़ित किया जा रहा है। जब से लोगों ने गांव कलाह से अवैध खनन करने से मना किया, उसी दिन से ग्रेफ विभाग ने मजदूरों को बाहर निकालने की धमकियां देना शुरू कर दी।
मजदूरों से कहा कि आपके गांव के लोग गांव से खनन नहीं करने दे रहे हैं। आपको काम से बाहर निकाल दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को काम से बाहर निकल दिया गया। फिर इसके बाद गांव के लोगों ने सीमा संगठन के चीफ इंजीनियर को शिकायत की और उसके बाद गांव कलाह के लोगों को काम पर तो लगा दिया गया, लेकिन उन्हें कहा गया कि आप दो शिफ्टो में आएंगे। आधे मजदूर एक हफ्ते आएंगे और आधे मजदूर दूसरे हफ्ते आएंगे। कलाह के मजदूरों ने सांसद जुगल किशोर को बताया कि उन्हें जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने सीमा सड़क संगठन चीफ इंजीनियर तेजपाल सिंह को फोन किया और कहा कि कलाह गांव के मजदूर जैसे पहले काम करते आ रहे थे। जल्द से जल्द उन्हें पूरे महीने पर काम पर लगाया जाए। चीफ इंजीनियर तेजपाल सिंह ने कहा सभी को पूरे महीने के लिए काम पर लगाया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिला सचिव सुरेश शर्मा, भाजपा मंडल प्रधान तिलक राज शर्मा, अनिल कुमार, संजय कुमार, कमल कुमार, विजय कुमार, रिंकू कुमार, पंच अशोक कुमार, सचिन कुमार, गिरधारी लाल, यशपाल रत्न लाल और अन्य शामिल रहे।