पुलिस की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
मुख्यातिथि रहे एसएससी ने की क्षेत्र में पुस्तकालय खोलने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। पुलिस की ओर से करवाई गई क्रिकेट प्रतियोगिता का पुरमंडल के खेल मैदान में शनिवार को फाइनल मैच खेला गया, जिसमें पुरमंडल को जीत मिली। इस मैच में देओन की टीम को 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मौके पर एसएसपी बेनाम तोश मुख्य रूप से मौजूद रहे।
मैच में पुरमंडल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पूरी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। 112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देओन टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। बाद में भी लगातार विकेट गिरते रहे, जिससे पूरी टीम 12 ओवरों में मात्र 65 रनों पर ही सिमट गई। इस तरह देओन को 47 रनों से शिकस्त मिली। प्रतियोगिता का आयोजन नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने करीब एक महीने पहले करवाया था, जिसमें आसपास की 10 टीमों ने भाग लिया। सभी मैच नॉक आउट आधार पर खेले गए थे। आज फाइनल के बाद प्रतियोगिता संपन्न हो गई। मैच के अंत में विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर एसएसपी ने पुरमंडल में पुस्तकालय खोलने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि पुरमंडल एक ऐतिहासिक और प्रमुख स्थान होने के साथ एक नशा मुक्त और अपराध मुक्त क्षेत्र भी है। यहां अपराधियों की संख्या न के बराबर है, जिसका श्रेय यहां के निवासियों को जाता है। उन्होंने क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान तेज करने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में नशा आने की संभावना को खत्म किया जा सके। मौके पर जिला विकास सदस्य अवतार सिंह, सरपंच अनिल शर्मा, सरपंच राशिद मोहद, नायब सरपंच देस राज, रिंकू कुमार, पंच पूजा शर्मा, आदि उपस्थित थे।