घगवाल। हीरानगर थाने में एक युवक की संदिग्ध मौत होने पर घगवाल वासियों व हरसाथ क्षेत्र से नृसिंग मंदिर तक लोगों ने मंगलवार को कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान युवक की मौत मामले में निष्पक्षता से जांच किए जाने और दोषियाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की।
लोगों का आरोप है कि पुलिस हिरासत में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। इस कारण युवक की मौत हुई है। पुलिस आत्महत्या की झूठी कहानी बना कर इससे बचना चाहती है, जिसे घगवालवासी होने नहीं देंगे। कैंडल मार्च में शामिल रामपाल, तरसेम लाल, दर्शना देवी, सुभाष चंद्र, अशोक कुमार, रमी शर्मा व राज कुमार ने बताया कि पुलिस हिरासत में युवक की मौत पुलिस विभाग पर कई प्रश्न चिह्न लगाती है। कैंडल मार्च उन्होंने दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सहित मृत की आत्मा की शांति के लिए निकाला है। सनद रहे कि रविवार को हीरानगर थाने में एक युवक की मौत हो गई थी, जिसको पुलिस आत्महत्या बता रही है, लेकिन परिजन पुलिस पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं,। इसको लेकर रविवार को कई घंटे तक लौंडी मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रखा गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब परिजनों ने अंतिम संस्कार के पहले उसके शव को देखा तो शव के हर हिस्से में चोट के निशान देखकर परिजन भड़क उठे। इससे गुस्साए परिजन और लोगों ने कुछ घंटे के लिए रेल यातायात भी अवरुद्ध रखा। उसी के तहत मंगलवार को घगवाल व हरसाथ के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला।