एजूकेशन इंफोरमेशन सिस्टम (एसईआईएस)
- फोटो : Demo Pic.
सरकारी स्कूलों की संख्या, स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की संख्या व शिक्षा विभाग से संबंधित हर तरह की जानकारी अब शिक्षा विभाग स्कूल एजूकेशन इंफोरमेशन सिस्टम (एसईआईएस) के जरिए उपलब्ध करवाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने दी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षा विभाग से संबंधित ज्यादा से ज्यादा जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए एसईआईएस की शुरूआत की जा रही है। क्योंकि शिक्षा विभाग की ज्यादातर जानकारी केवल फाइलों में ही बंद रहती है। डाटा बेस सिस्टम न होने के कारण शिक्षकों की ही जानकारी लेने में अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है, लेकिन अब राज्य के सरकारी स्कूलों की संख्या, शिक्षकों व अन्य स्टाफ की संख्या, विद्यार्थियों की संख्या, स्कूलों के इमारतों की स्थिति व अन्य कई तरह की जानकारी अब केवल एक क्लिक में उपलब्ध होगी।
एसईआईएस का लिंक शिक्षा विभाग की वेबसाइट के साथ जोड़ा गया है। वेबसाइट में जाकर लोग आसानी से शिक्षा विभाग की हर तरह की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इससे शिक्षा विभाग की व्यवस्था व काम में भी सुधार होगा।