जम्मू विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग युवा प्रतिभा को तराशने का काम करेगा। इस कड़ी में पहली बार विभिन्न खेलों में एकेडमियों का गठन किया जा रहा है। इसमें 12 साल से अधिक उम्र के खिलाड़ियों को पंजीकृत करके संबंधित खेलों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। विभाग के ढांचे के साथ कोचों की सेवाएं ली जाएंगी।
पहले चरण में क्रिकेट, वालीबाल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन खेलों के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। विभाग के निदेशक प्रो. अवतार सिंह जसरोटिया ने बताया कि पहली बार बनाई जा रही एकेडमी से युवा खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। पंजीकरण प्रक्रिया के बाद फरवरी में कोचिंग कक्षाएं शुरू करने की उम्मीद है।
विभिन्न खेलों के लिए इच्छुक खिलाड़ी कार्यालय समय में संबंधित कोचों से संपर्क कर सकते हैं। इसमें सबसे अधिक क्रिकेट में युवाओं के आने की उम्मीद है। जेयू ने अपने क्रिकेट ढांचे में काफी सुधार लाया है। इसके लिए शानदार पवेलियन बनाने के साथ मैदान को उच्चस्तरीय ढंग से तैयार किया गया है।
कोचिंग के लिए खिलाड़ी अपनी मर्जी का संबंधित खेलों में चयन कर सकते हैं। विभाग के अनुसार कोचिंग के लिए पंजीकृत खिलाड़ियों से सामान्य फीस ली जाएगी। इसमें प्राथमिकता दी जाएगी कि पंजीकृत होने वाले खिलाड़ी विद्यार्थी हों।