जम्मू संभाग के विंटर जोन में शुक्रवार से बोर्ड की परीक्षाएं आरंभ हो गई। पहला पेपर अडिशनल आप्शनल विषय का था। यह पेपर विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य नहीं होता है, इसलिए बहुत कम विद्यार्थी पेपर देने के लिए पहुंचे थे। वहीं कश्मीर में नवंबर में शुरू होने वाले बोर्ड परीक्षा में सरकार की तरफ से विद्यार्थियों को सिलेबस कम करके राहत प्रदान करने की तैयारी की जा रही है।
जम्मू कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की तरफ से सितंबर में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के लिए डेटशीट जारी की थी, जिसके बाद विद्यार्थी परीक्षा की तैयारी में जुट गए थे। शुक्रवार को जम्मू संभाग में बोर्ड परीक्षाओं का आगाज हो गया और सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी पेपर देने के लिए पहुंचे थे।
24 अक्तूबर को दूसरा पेपर विज्ञान का है। इस परीक्षा में सभी विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे। वहीं कश्मीर में नवंबर में शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर सरकार व बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड के लिए चिंता का विषय सिलेबस का पूरा न होना है।
तीन महीने से स्कूल बंद हैं और विद्यार्थियों का सिलेबस अधूरा है। सरकार सिलेबस कम करके परीक्षा करवाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों को राहत प्रदान करने के लिए सरकार कुछ और भी निर्णय ले सकती है और जल्द ही इसका एलान भी किया जा सकता है।