जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जेयू में आठ अप्रैल को होने वाले इस दीक्षांत समारोह में केंद्र से किसी बड़ी शख्सियत को बुलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गवर्नर हाउस से फाइनल किया जाएगा।
अतिथियों की प्रस्तावित सूची में पीएम, अरुण जेटली आदि के नाम शामिल हैं। हालांकि, अभी किसी नाम को फाइनल नहीं किया गया है। समारोह में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली सहित अन्य अतिथियों का पहुंचना प्रस्तावित है।
दीक्षांत समारोह में वर्ष 2015 बैच के पदक विजेताओं और वर्ष 2015-16 के पीएचडी और एमफिल डिग्री धारकों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। रजिस्ट्रार केशव शर्मा ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दीक्षांत समारोह से पहले 36 विषयों में टॉपरों की सूची मांगी जाएगी। इसमें टॉपरों पर आपत्तियां दर्ज करवाने का समय दिया जाएगा। इसके बाद डिग्री होल्डरों और टॉपरों को दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए फीस के साथ आवेदन करने के लिए कहा जाता है। जम्मू विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विषयों के साथ अन्य नामित करीब 75 पदक हैं।
इसमें यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल आदि शामिल हैं। हालांकि, सेशन खत्म होने के साथ कई विद्यार्थी डिग्री लेकर नए भविष्य की शुरुआत कर लेते हैं, लेकिन दीक्षांत समारोह में सम्मान पाने के लिए अधिकांश डिग्री होल्डर आवेदन करते हैं। इससे पूर्व जम्मू विश्वविद्यालय में अप्रैल 2016 को जेयू के 16वें दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति हमीद अंसारी और सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर की उपस्थिति में राज्यपाल एवं विवि के चांसलर एनएन वोहरा व कुलपति प्रो. आरडी शर्मा ने वर्ष 2014 सेशन के 59 पीएचडी धारकों को उपाधि और 62 मेधावी विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया था।
इससे पहले जम्मू विश्वविद्यालय में 15 मई 2007 को विशेष दीक्षांत समारोह में तत्कालीन पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को आनरिज काजा की डिग्री प्रदान की गई थी। समारोह का डीडी पर सीधा प्रसारण किया गया था।