कालेजों में वीरवार से स्नातक के पांचवें सेमेस्टर के लिए दाखिले शुरू हो गए। इसमें 9 अगस्त तक बिना लेट फीस के दाखिले किए जाएंगे। इसके बाद 10 अगस्त से 19 अगस्त तक लेट फीस के साथ दाखिले होंगे।
जम्मू विवि के कुलपति की विशेष अनुमति पर निर्धारित तिथि के बाद दस दिन के भीतर विद्यार्थी को दाखिला प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है। दाखिला प्रक्रिया के संपन्न होने पर 22 अगस्त से कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
इसी तरह स्नातक तीसरे सेमेस्टर के लिए 23 जुलाई से 11 अगस्त तक दाखिले होंगे। इसके बाद 12 अगस्त से 21 अगस्त तक लेट फीस के साथ दाखिला प्रक्रिया होगी। स्नातक पहले सेमेस्टर के लिए विशेष आनलाइन दाखिला प्रक्रिया संपन्न हो गई।
स्नातक में सेशन 2016-17 के लिए पांचवें सेमेस्टर के लिए दाखिला प्रक्रिया के शुरू होने के साथ बड़ी संख्या में कालेजों में विद्यार्थियों की भीड़ पहुंच रही है। अंतिम वर्ष के दाखिले के बाद विद्यार्थी अपना भविष्य तय करते हैं। महिला कालेज गांधीनगर में वीरवार को पांचवें सेमेस्टर के लिए 36 आवेदन आए।
इसी तरह शहर के अन्य कालेजों में भी दर्जनों आवेदन आए हैं। कालेज की प्रिंसिपल डा. किरण बख्शी के अनुसार स्नातक के पहले, पांचवें और 23 जुलाई से तीसरे सेमेस्टर के लिए भी दाखिले शुरू किए जा रहे हैं। इसके अलावा पहले सेमेस्टर के लिए विभिन्न कंबिनेशन विषयों में कुछ आवेदन आए हैं।
उल्लेखनीय है कि पहले सेमेस्टर के लिए कालेजों में लगभग सीटों को भर लिया गया है। जम्मू विवि की ओर से गत तीन दिन में बचे हुए विद्यार्थियों को दाखिला प्रक्रिया में शामिल होने के लिए विशेष मौका दिया गया।
इसमें बची हुई कुछ सीटों पर ही विद्यार्थियों को एडजेस्ट किया जा रहा है। कालेजों में स्नातक के विभिन्न सेमेस्टरों की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। आगामी दिनों में विद्यार्थियों से कालेज गुलजार होंगे।