एमबीबीएस व बीडीएस में दाखिले की कॉमन मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट 2 में अब दो दिन बचे हैं। 24 जुलाई को होने वाली परीक्षा से पहले विशेषज्ञों के मुताबिक जितना हो सके रिविजन पर फोकस करें।
अंतिम समय में घबराएं नहीं, पैटर्न को लेकर भी चिंतित होने की जरूरत नहीं है। बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी के मुताबिक नीट-1 में 720 अंकों की प्रवेश परीक्षा का प्रावधान था। इस बार नीट-2 में भी सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि पैटर्न में कोई परिवर्तन नहीं होगा। लिहाजा, नीट-2 भी 720 अंकों की ही परीक्षा होगी।
वीआर क्लासेज के एमडी वैभव राय ने बताया कि बताया कि नीट 2 में 180 सवाल पूछे जाएंगे, जिसमें 45 फिजिक्स, 45 कैमिस्ट्री और 90 सवाल बायोलॉजी के होंगे। उन्होंने बताया कि फिजिक्स और कैमिस्ट्री में छात्रों को ज्यादा अवेयर रहने की जरूरत है। बायोलॉजी के सवालों का स्तर अपेक्षाकृत सरल होता है, जो काफी स्कोरिंग भी होता है। जितना हो सके रिवीजन पर फोकस बनाए रखें।
लांग बेल से करें परीक्षा की पहचान
सीबीएसई ने नीट 2 परीक्षा में घड़ी या मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। ऐसे में छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने बेल का पूरा ब्यौरा जारी किया है। सुबह ठीक 9:30 बजे परीक्षा केंद्र पर लांग बेल बजेगी, जिसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे और किसी को एंट्री नहीं मिलेगी। इसके बाद 9:45 बजे सिंगल बेल बजेगी, जिसके आधार पर टेस्ट बुकलेट बांटी जाएंगी।
9:55 बजे डबल बेल बजेगी, जिसके आधार पर टेस्ट बुकलेट की सील खोली जाएगी। 10 बजे लांग बेल बजेगी, जिसके बाद एग्जाम शुरू हो जाएगा। 11 बजे सिंगल बेल बजेगी। 12 बजे सिंगल बेल बजेगी। 12:30 बजे सिंगल बेल बजेगी। 12:45 बजे सिंगल बेल बजेगी। 1 बजे लांग बेल बजेगी, जिसके बाद परीक्षा समाप्त हो जाएगी।