सीमावर्ती गांवों लल्याल, सुई, कानाचक्क आदि क्षेत्रों से पलायन कर स्थानीय हायर सेकेंडरी स्कूल में ठहरे प्रभावित परिवारों के बच्चों के लिए मंगलवार से कक्षाएं शुरू कर दी गईं। इस मौके पर एसडीएम नाथ प्यूष सिंगला ने बच्चों में कापियां और पेन वितरित कीं। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से कहा कि वह कैंप में आए बच्चों को कक्षाओं में भेजें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन नहीं चाहता कि कैंप में पहुंचे बच्चों की पढ़ाई में कोई रुकावट आए। इसी के चलते जिला प्रशासन के निर्देश पर कक्षाओं को शुरू करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पढ़ाने के लिए सीमा क्षेत्र के इन गांवों के स्कूलों के शिक्षकों को लगाया गया है। बच्चों से भी कहा कि वह पढ़ाई जारी रखें। अगर चाहिए तो वह भी मुहैया करवाई जाएगी।
इस स्कूल की व्यवस्था दोमाना हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल अजीत शर्मा देखेंगे। इसके अलावा एसडीएम ने दोमाना मिडिल स्कूल में चलाई गई हायर सेकेंडरी स्कूल की दसवीं और बारहवीं की कक्षाओं का भी निरीक्षण किया। गौरतलब है कि हायर सेकेंडरी स्कूल में कैंप बनाए जाने से वहां के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।